छत्तीसगढ़ में इंडियन आर्मी लगाएगी सैन्य हथियारों की प्रदर्शनी; अधिकारियों ने की राज्यपाल से मुलाकात

 

रायपुर। राजधानी में इंडियन आर्मी कैंप लगाने जा रही है। छत्तीसगढ़ के युवाओं को आर्मी के मॉडर्न हथियार देखने को मिलेंगे। आर्मी की रक्षा प्रणाली को जानने का मौका मिलेगा। भारतीय सेना इसकी तैयारियों में जुटी हुई है।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस आयोजन को लेकर घोषणा की है। सोशल मीडिया पर सीएम ने लिखा- राज्य सरकार की पहल पर अक्टूबर माह में भारतीय सेना राजधानी रायपुर में पहली बार अपने हथियारों और सैनिक कौशल की प्रस्तुति करने जा रही है। इस प्रदर्शनी में सेना के जवान सैन्य हथियार और सैन्य सामान को प्रदर्शित करेंगे।

मुख्यमंत्री ने आगे जानकारी दी कि इस प्रकार की सैन्य प्रस्तुति छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित की जाएगी। हमारे प्रदेश के युवाओं को सेना के बारे में जानने और उनके सैन्य कौशल को देखने समझने का अवसर प्राप्त होगा। साथ ही राष्ट्रभक्ति और सैन्य सेवा में जाने की प्रेरणा मिलेगी।

यह कार्यक्रम अक्टूबर के पहले सप्ताह में नया रायपुर में आयोजित किया जा सकता है। भारतीय सेना से जुड़े सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पैदल सेना यानी इन्फेंट्री, पैरा कमांडो टीम में इस्तेमाल किए जाने वाले वेपन और इक्विपमेंट छत्तीसगढ़ के स्टूडेंट को देखने को मिलें इसके प्रयास किए जा रहे हैं। यहां भारतीय सेना ज्वॉइन करने के बारे में भी जानकारी दी जा सकती है।

स्वतंत्रता दिवस के ठीक दूसरे दिन शुक्रवार को इंडियन आर्मी, एयरफोर्स, सीआरपीएफ एनसीसी के अधिकारियों ने राज्यपाल रामेन डेका से मुलाकात की।

Post a Comment

0 Comments