रायपुर में गैस कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, 400 सिलेंडर जब्त

रायपुर। राजधानी में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की छापेमारी में अब तक करीब 400 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। जिला प्रशासन रायपुर की खाद्य शाखा ने स्पष्ट किया है कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध गैस रिफिलिंग और अधिक दाम पर बिक्री की शिकायतों के बाद लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान कई स्थानों पर छापेमारी कर अवैध रूप से रखे गए सिलेंडरों को जब्त किया गया। खाद्य नियंत्रक ने बताया कि विभाग को जहां भी शिकायत मिलती है, वहां तत्काल जांच की जाती है। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिसमें लाइसेंस निलंबन, जुर्माना और सामग्री जब्ती शामिल है। विभाग ने यह भी बताया कि गंभीर मामलों में साक्ष्य मिलने पर एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई भी की जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि गैस की अवैध बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद अवैध गैस कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है और विभाग ने आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।