आईफोन चोरी मामले में कंजर गैंग के सदस्य गिरफ्तार, 125 फोन बरामद

रायपुर। रायपुर के तेलीबांधा स्थित iPhone स्टोर में हुई 1.89 करोड़ की 173 आईफोन चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मध्यप्रदेश के कंजर गैंग के आरोपियों ने 8 मिनट में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी किए कुछ फोन कोलकाता के चोर बाजार में बेचे गए।
आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने करीब 265 किलोमीटर के दायरे में 1 हजार CCTV फुटेज खंगाले। जांच के दौरान एक बाइक की परछाई पुलिस के लिए अहम सुराग बनी। इसी के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस अब तक 125 iPhone बरामद कर चुकी है, जबकि करीब 40 फोन की तलाश जारी है।
इस मामले में मध्यप्रदेश के आरोपी राकेश कंजर और सैफान की गिरफ्तारी हुई है। सैफान ने बिकवाने में मदद की थी। वह विदेश भागने की तैयारी में था, उससे पहले पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। 2 आरोपी अभी फरार हैं। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।
8 मिनट में चोरी कर फरार हुए आरोपी
पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने बताया कि, 24 अक्टूबर को तीन आरोपी चोरी की गाड़ी से तेलीबांधा स्थित iNext Apple Store पहुंचे थे।
आरोपियों ने महज 8 मिनट में चोरी की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। चोर स्मार्ट वॉच, हेडफोन और दुकान का DVR भी ले गए थे। इस मामले की जांच के लिए 40 पुलिसकर्मियों की टीम बनाई गई थी।
4 राज्यों में भेजी गईं पुलिस टीमें
आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात तक भेजी गईं। जांच में पता चला कि आरोपी 24 अक्टूबर को रायपुर आए थे।
इसके बाद वे देवास गए और 31 अक्टूबर को दोबारा रायपुर पहुंचे। पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से उनकी आवाजाही का पता लगाया।
265 किमी पीछा कर पहुंची पुलिस
करीब 265 किलोमीटर के दायरे में 1,000 CCTV फुटेज खंगालने के दौरान पुलिस को एक बाइक की परछाई दिखाई दी।
इसी सुराग को आधार बनाकर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच में चोरी के फोन इंदौर के सैफान तक पहुंचने की जानकारी मिली।
जांच में पता चला कि मध्यप्रदेश के देवास निवासी राजेश सिंह झाला (43) गिरोह का सरगना है। उसके खिलाफ चोरी समेत 47 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।