छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी ठिठुरन, 4 डिग्री तक पारा गिरने के आसार

रायपुर. बंगाल की खाड़ी से आए चक्रवात अकवान का असर कमजोर पड़ने के साथ ही छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगभग थम गया है. अब प्रदेश में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में उत्तरी छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है. इससे उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में ठंड का असर बढ़ सकता है. हालांकि, प्रदेश के अन्य हिस्सों में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं.
सोमवार को कैसा रहा प्रदेश का मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई. बारिश का प्रभाव अब काफी कम हो गया है. इस दौरान प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया. वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान भी 16.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया. वहीं प्रदेश में अगले 24 घंटे मौसम ड्राय रहने की संभावान जताई है.
राजधानी रायपुर में 24 नवंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है. मौसम विभाग ने शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है.