छत्तीसगढ़ में जल्द जारी होगा CM हेल्पलाइन नंबर, 24×7 दर्ज होंगी शिकायतें

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शासन-प्रशासन को अधिक जवाबदेह और जनता के करीब लाने के उद्देश्य से एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राज्य में जल्द ही 24×7 सक्रिय रहने वाला सीएम हेल्पलाइन नंबर शुरू होने जा रहा है, जिस पर कोई भी नागरिक अपनी समस्या, शिकायत या सुझाव दर्ज करा सकेगा। विष्णुदेव साय ने जशपुर रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में इस महत्वपूर्ण पहल की जानकारी दी।
आम नागरिकों को नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस हेल्पलाइन का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। हेल्पलाइन पर दर्ज हर शिकायत के लिए एक तय समय सीमा निर्धारित की जाएगी, जिसके भीतर संबंधित विभाग को कार्रवाई करनी होगी। यदि किसी शिकायत का समाधान निर्धारित समय में नहीं होता है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस व्यवस्था से प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ेगी और आम नागरिकों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
सरकार का मानना है कि यह हेल्पलाइन ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के लोगों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी, जहां तक अक्सर प्रशासन की पहुंच सीमित रहती है। डिजिटल और फोन आधारित इस सिस्टम के जरिए राज्य के किसी भी कोने से लोग सीधे अपनी बात शासन तक पहुंचा सकेंगे। इससे पारदर्शिता और सुशासन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।