गरियाबंद सर्किट हाउस में भड़की आग, स्टोर रूम में फ्रिज-अलमारी समेत पूरा सामान खाक

गरियाबंद। गरियाबंद जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में रविवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सुबह करीब 6.30 बजे लोगों ने सर्किट हाउस परिसर से धुआं उठता देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई। देखते ही देखते आग ने स्टोर रूम को अपनी चपेट में ले लिया और वहां रखा सामान जलकर खाक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। फिलहाल पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन और तकनीकी जांच में जुटे हुए हैं।
आगजनी की इस घटना में सर्किट हाउस के स्टोर रूम में रखा फ्रिज, अलमारी, सीलिंग फैन समेत अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में कमरे के भीतर रखा अधिकांश सामान धुएं और लपटों में घिर गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय सर्किट हाउस में मौजूद लोग सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।