आधुनिक तकनीक से मूंग की खेती, किसान को बंपर उत्पादन की उम्मीद

अम्बिकापुर। कृषि विभाग की आत्मा योजना के अंतर्गत किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों से जोड़ने तथा उन्नत कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगातार मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहयोग प्रदान किया जा रहा है। इसी क्रम में एक किसान को आत्मा योजना के तहत एटीएम (कृषि तकनीकी प्रबंधक) अंजू आदिले एवं बीटीएम (ब्लॉक तकनीकी प्रबंधक) कंचन कुशवाहा द्वारा मूंग की उन्नत किस्म जीएएम-5 (GAM-5) का निःशुल्क बीज उपलब्ध कराया गया।
किसान ने प्राप्त बीज की अपने खेत में एटीएम एवं बीटीएम के मार्गदर्शन में पंक्तिबद्ध (लाइन सोइंग) पद्धति से बुवाई की। इस दौरान अधिकारियों ने खेत की तैयारी, बीज उपचार, उचित दूरी पर बुवाई तथा फसल प्रबंधन की तकनीकी जानकारी भी दी।
किसान ने बताया कि परंपरागत खेती की तुलना में लाइन सोइंग पद्धति अधिक लाभकारी है। इस तकनीक से पौधों का समान विकास होता है, फसल की देखरेख आसान रहती है तथा पौधों को पर्याप्त धूप एवं वायु मिलने से कीट एवं रोगों का प्रकोप कम होने की संभावना रहती है। इससे उत्पादन एवं गुणवत्ता में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि मूंग कम अवधि में तैयार होने वाली लाभकारी दलहनी फसल है, जो कम लागत में बेहतर आय देने की क्षमता रखती है। आत्मा योजना के माध्यम से निःशुल्क उन्नत बीज एवं तकनीकी मार्गदर्शन मिलने से आधुनिक खेती अपनाने का विश्वास बढ़ा है।
किसान ने कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकारियों के निरंतर मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन से किसान नई कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। उन्हें विश्वास है कि इस तकनीक से बेहतर उत्पादन प्राप्त होगा और यह पहल क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।