खैरागढ़. खैरागढ़ में सड़क मरम्मत के सरकारी दावों की हकीकत फिर सामने आ गई है। शहर के इतवारी बाजार मेन रोड पर लोक निर्माण विभाग ने पैच रिपेयर का काम कराया था। 20 नवंबर को प्रशासन ने मरम्मत कार्य को लेकर बाकायदा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दावा किया कि इससे राहगीरों, व्यापारियों और बाजार आने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। लेकिन महज दो दिनों बाद ही बारिश के कारण सड़क पुराने हाल पर लौट आई। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि मरम्मत का काम सड़क को मजबूत बनाने के लिए हुआ था या सिर्फ गड्ढों पर डामर की एक परत चढ़ाकर औपचारिकता पूरी कर दी गई थी.
दरअसल, राजनांदगांव–कवर्धा–पोंड़ी मार्ग पर स्थित इतवारी बाजार का यह हिस्सा शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल है. यहां रविवार को साप्ताहिक बाजार लगता है, जहां बड़ी संख्या में व्यापारी और ग्राहक पहुंचते हैं. सड़क की खराब स्थिति से वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को परेशानी होती है. इसी समस्या को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराई थी. 20 नवंबर को प्रशासन की प्रेस विज्ञप्ति में मरम्मत कार्य से होने वाली सुविधाओं का विस्तार से उल्लेख किया गया था. बताया गया था कि सड़क दुरुस्त होने से बाजार आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी. लेकिन अब सड़क की मौजूदा तस्वीर इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है. मरम्मत के कुछ ही दिनों बाद सड़क का फिर खराब होना बताता है कि काम की गुणवत्ता और निगरानी की जांच जरूरी है. प्रशासन की ओर से सड़क की मजबूती का दावा ज्यादा दिन टिक नहीं पाया.
इस स्थिति ने कई सवाल खड़े किए हैं. आखिर मरम्मत में किन मानकों का पालन किया गया? क्या काम पूरा होने के बाद अधिकारियों ने मौके पर जाकर गुणवत्ता की जांच की थी? यदि मरम्मत सही तरीके से हुई थी तो सड़क फिर खराब कैसे हो गई?
अब लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी है कि वह सड़क की मौजूदा स्थिति का निरीक्षण करे और पता लगाए कि मरम्मत के बाद भी सड़क क्यों उखड़ गई. वहीं इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों पर कार्रवाई हो. जनता को हर बारिश के बाद सड़क की मरम्मत और प्रशासन की नई सफाई नहीं, बल्कि ऐसी सड़क चाहिए जो कम से कम एक बारिश का मौसम तो झेल सके. ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि खैरागढ़ में सड़कें बनाई जा रही हैं या मरम्मत के नाम पर सिर्फ सरकारी धन खर्च किया जा रहा है?