14 अप्रैल को उत्तराखंड-यूपी दौरे पर पीएम मोदी, दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का करेंगे उद्घाटन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे। इस दौरान वे कई अहम कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे, जिनमें दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का उद्घाटन प्रमुख है।
प्रधानमंत्री सुबह लगभग 11:15 बजे सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे के ऊंचे खंड पर बने वन्यजीव गलियारे का दौरा और समीक्षा करेंगे। यह गलियारा मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के उद्देश्य से विशेष रूप से डिजाइन किया गया है।
इसके बाद प्रधानमंत्री देहरादून पहुंचकर जय मां दात काली मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। यह मंदिर क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक स्थल माना जाता है।
दोपहर करीब 12:30 बजे प्रधानमंत्री देहरादून में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का उद्घाटन करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
213 किलोमीटर लंबा, छह लेन वाला यह एक्सेस कंट्रोल्ड गलियारा 12,000 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से तैयार किया गया है। इसके शुरू होने के बाद दिल्ली से देहरादून का यात्रा समय 6 घंटे से घटकर करीब 2.5 घंटे रह जाएगा।
इस परियोजना में 10 इंटरचेंज, 3 रेलवे ओवरब्रिज, 4 प्रमुख पुल और सड़क किनारे 12 जन सुविधाओं का निर्माण किया गया है। साथ ही, सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए इसे उन्नत यातायात प्रबंधन प्रणाली (एटीएम) से लैस किया गया है।
इस गलियारे को पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। इसमें 12 किलोमीटर लंबा वन्यजीव एलिवेटेड कॉरिडोर शामिल है, जो एशिया के सबसे लंबे कॉरिडोर में से एक है। इसके अलावा 8 पशु मार्ग, 200 मीटर लंबे दो हाथी अंडरपास और दात काली मंदिर के पास 370 मीटर लंबी सुरंग भी बनाई गई है।
दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करेगा और पर्यटन व व्यापार के नए अवसर खोलेगा। यह परियोजना उच्च गति कनेक्टिविटी के साथ पर्यावरणीय स्थिरता को संतुलित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।