रायपुर। बिश्नोई गैंग के नाम पर रायपुर के कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ की रंगदारी मांगने वाला आरोपी शोएब ढेबर फरार है। रायपुर पुलिस ने उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी लगातार पुलिस से बचने के लिए ठिकाने बदलकर फरार चल रहा है।
पुलिस ने कहा है कि शोएब ढेबर की गिरफ्तारी या उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले व्यक्ति को इनाम दिया जाएगा। रंगदारी मामले में पुलिस पहले शोएब ढेबर को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन जमानत मिलने के बाद उसे छोड़ दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट से दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति ली, तभी से शोएब ढेबर फरार है।