रायपुर। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में पिछले 15 दिनों से फ्लाइटों के विलंब से आने और डायवर्ट करने का सिलसिला चल रहा है। बिना सूचना दिए फ्लाइटों को अन्य एयरपोर्ट में उतारने से हवाई यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पडा रहा है। मुंबई की 2 फ्लाइट को लगातार नागपुर में लैड कराया गया। वहीं तेज हवाओं के कारण दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता, भुवनेश्वर, इंदौर और भोपाल की फ्लाइट घंटो विलंब से पहुंची। इसके चलते फ्लाइटों के प्रभावित होने के साथ ही पूरा शेड्यूल भी गड़बड़ा रहा है।
हालांकि एयरपोर्ट अथॉरिटी से अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है। मौसम के खराब होने से विमान को सुरक्षित रूप से नजदीकी अन्य हवाई अड्डों पर डायवर्ट करना पड़ता है। एयरपोर्ट डायरेक्टर योगेश नगाइच ने बताया कि फ्लाइटों की लैंडिग और टेकऑफ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) द्वारा कराया जाता है।
बीते दिनों भी रायपुर की फ्लाइट नागपुर में उतरी
स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर में मौसम के खराब होने पर कोलकाता और अहमदाबाद फ्लाइट को नागपुर में डायवर्ट किया गया। इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट कोलकाता से अपने निर्धारित समय 5.10 को रवाना होने के बाद रायपुर में 6.30 बजे लैंड करना था। लेकिन, बारिश और आंधी के कारण इसे नागपुर डायवर्ट किया गया।
यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता
स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों का कहना है कि मौसम की खराबी और विजीबिलटी को देखते हुए किसी भी तरह का रिस्क नहीं लिया जा सकता है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता में रखकर ही फ्लाइट का संचालन और डायवर्ट किया जाता है। विमानन कंपनियां नियमानुसार यात्रियों के लिए व्यवस्था करते है।