18 मई को बस्तर पहुंचेंगे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 18 मई को बस्तर दौरे के दौरान वीर शहीद गुंडाधुर के गांव नेतानार पहुंचेंगे। 19 मई को प्रस्तावित मध्य क्षेत्रीय परिषद की अहम बैठक से पहले शाह का यह दौरा राजनीतिक और रणनीतिक दोनों दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास बात यह है कि एक समय नक्सल प्रभाव के लिए पहचाने जाने वाले नेतानार में अब देश के गृहमंत्री का कार्यक्रम होने जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक अमित शाह 18 मई को जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वायुसेना के विशेष हेलीकॉप्टर से सीधे नेतानार रवाना होंगे। इसके लिए गांव में युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। हेलीपेड निर्माण से लेकर सुरक्षा और आवागमन तक की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नेतानार स्थित सीआरपीएफ कैंप में शाह का मुख्य कार्यक्रम प्रस्तावित है, जहां वे ग्रामीणों और धुरवा समाज के लोगों से मुलाकात करेंगे।
संभावना है कि वे वीर शहीद गुंडाधूर के परिजनों से भी भेंट कर सकते हैं। प्रशासन ने जगदलपुर से नेतानार तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। 18 मई को पूरे इलाके को नो फ्लाई जोन घोषित किए जाने की तैयारी है। अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में सघन निगरानी की जाएगी।
बस्तर के लिए हमेशा से खास हैं वीर शहीद गुंडाधुर: वीर शहीद गुंडाधुर बस्तर के आदिवासी स्वाभिमान और संघर्ष के सबसे बड़े प्रतीकों में माने जाते हैं। वर्ष 1910 के भूमकाल विद्रोह में उन्होंने अंग्रेजी शासन के खिलाफ आदिवासियों का नेतृत्व किया था। बस्तर के जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उन्होंने संघर्ष किया, इसलिए आदिवासी समाज उन्हें अपना आराध्य मानता है।